उरई के शांतिनगर में शाम करीब साढ़े पांच बजे चाय बनाते समय गैस रेगुलेटर में आग लग गई, जिसके बाद सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। इस हादसे में 12 बच्चों समेत 23 लोग झुलस गए हैं। विस्फोट की चपेट में आसपास के तीन मकानों की दीवारें भी आईं और उनमें दरारें आ गईं।

घटना उरई शहर के मुहल्ला शांतिनगर, वार्ड नंबर सात में सभासद माताप्रसाद के घर में हुई। बताया गया है कि उनकी बहू स्वाति, पत्नी दयानंद भारती, रसोई में चाय बना रही थीं। इसी दौरान गैस लीकेज के कारण रेगुलेटर में आग लग गई। स्वाति चिल्लाते हुए छत की ओर भागीं और घर के अंदर मौजूद दयानंद भारती भी बाहर की ओर निकले।

मुहल्ले के लोग आग बुझाने के लिए पहुंचे और बाहर खेल रहे बच्चे भी दरवाजे के पास खड़े हो गए। इसी बीच तेज धमाके के साथ सिलिंडर फट गया और आग की लपटें दरवाजे और खिड़कियों से बाहर निकलीं, जिससे बाहर खड़े लोग झुलस गए। घायलों को जिला अस्पताल और मेडिकल कालेज भेजा गया है।

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत मेडिकल कालेज पहुंचकर घायलों का हाल जाना। अपर पुलिस अधीक्षक डा. ईशान सोनी ने कहा कि मौके पर जाकर जांच की जाएगी और फिलहाल घायलों के इलाज पर ध्यान दिया जा रहा है।