उत्तराखंड सरकार विभिन्न विभागों के आंकड़ों को एकीकृत करने के लिए डेटा लेक विकसित करेगी। इससे शासन को नीतिगत और प्रशासनिक निर्णय लेने में मदद मिलेगी। साथ ही सरकारी योजनाओं की निगरानी और कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल भी बढ़ाया जाएगा। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के साथ बैठक में यह निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने इसके लिए कार्ययोजना तैयार करने और तत्काल टास्क फोर्स गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एआई का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे में राज्य में भी शासन-प्रशासन के विभिन्न कार्यों में इसके इस्तेमाल की संभावनाएं तलाशने की जरूरत है। उन्होंने विभागों की कार्यप्रणाली और आवश्यकताओं के अनुरूप एआई टूल्स के व्यावहारिक उपयोग को प्रोत्साहित करने को कहा। इसके लिए विभागवार संभावनाओं को चिह्नित कर ठोस पहल करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने प्रशासनिक निगरानी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सचिवों के विभागीय निरीक्षणों और क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान सामने आने वाली महत्वपूर्ण जानकारियों और सुझावों को संबंधित विभागों के साथ साझा किया जाए। निरीक्षणों से मिलने वाले फीडबैक को इलेक्ट्रानिक प्रोजेक्ट मानीटरिंग सिस्टम (ई-पीएमएस) से भी जोड़ा जाएगा, जिससे योजनाओं की प्रगति, उनके क्रियान्वयन और निर्देशों के अनुपालन की निगरानी में मदद मिलेगी।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव डा. पंकज कुमार पांडेय और श्रीधर बाबू अद्दांकी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
