हैदराबाद में 14 नवंबर को आयोजित कांग्रेस के 'भारत समिट' कार्यक्रम में इटली के राजनेता जियाकोमो फिलिबक के 'वोट चोर, गद्दी छोड़' नारे के बाद विवाद बढ़ गया है। यह मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। याचिकाकर्ता जाहिद अली ने शीर्ष अदालत से तीन मांगें की हैं—भारत के किसी भी राजनीतिक कार्यक्रम में विदेशी लोगों को शामिल होने की अनुमति न दी जाए, हैदराबाद में हुए इस कार्यक्रम की जांच कराई जाए और तेलंगाना सरकार इसके लिए माफी मांगे।

कार्यक्रम का आयोजन तेलंगाना सरकार और समृद्ध भारत फाउंडेशन ने मिलकर किया था। इसमें राहुल गांधी की उपस्थिति में फिलिबक ने यह नारा लगाया। उन्होंने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि वे एक व्यक्ति, एक वोट के सिद्धांत का समर्थन करते हैं और पारदर्शी वोटर लिस्ट को लेकर अभियान चलाया। फिलिबक ने भारत के लोकतंत्र पर लंबा भाषण भी दिया।

इस बीच बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि इस कार्यक्रम को 'एंटी भारत समिट' कहना उपयुक्त होगा और आरोप लगाया कि राहुल गांधी का मकसद विदेशी मंचों से भारत को बदनाम करना है। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी विदेश दौरों पर भारत के लोकतंत्र पर झूठे आरोप लगाते हैं।

कांग्रेस का कहना है कि इस कार्यक्रम में आमंत्रित कम से कम 116 विदेशी प्रतिनिधियों को भारत आने की अनुमति नहीं दी गई। इनमें नॉर्वे की पत्रकार हेला लिंग भी शामिल हैं, जिनका अंतिम समय में वीजा रद्द हो गया। हेला उस समय चर्चा में आई थीं जब उन्होंने पीएम मोदी से सवाल किया था।